School Holiday Confusion: सीतामढ़ी में शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अलग-अलग छुट्टी आदेशों से अभिभावक असमंजस में हैं. अब परेशानी यह है कि शिक्षा विभाग का कैलेंडर 31 दिसंबर तक छुट्टी कह रहा है, जबकि डीएम का आदेश 28 दिसंबर तक प्रभावी है. ऐसे में अभिभावकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किस आदेश को अंतिम और प्रभावी माना जाए.बच्चों की सुरक्षा के लिए अंतिम स्पष्ट निर्देश का इंतजार जारी है.
जिला प्रशासन ने एक अलग आदेश जारी कर दिया
लेकिन अचानक मौसम के लगातार बिगड़ते हालात और तापमान में तेज गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अलग आदेश जारी कर दिया. प्रभारी डीएम द्वारा बुधवार को जारी आदेश में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं कोचिंग संस्थानों में 12वीं तक की कक्षाओं के शैक्षणिक कार्यों पर 28 दिसंबर तक प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया. आदेश में साफ कहा गया कि बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए शैक्षणिक गतिविधियों को रोका जाए. हालांकि प्री-बोर्ड व बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े विशेष कक्षाओं को इससे छूट दी गई है.
शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के बीच फंसा पेंच
अब परेशानी यह है कि शिक्षा विभाग का कैलेंडर 31 दिसंबर तक छुट्टी कह रहा है, जबकि डीएम का आदेश 28 दिसंबर तक प्रभावी है. ऐसे में अभिभावकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किस आदेश को अंतिम और प्रभावी माना जाए. स्कूल प्रबंधन भी दुविधा में हैं क्या वे 29 से 31 दिसंबर के बीच स्कूल खोलें या डीएम के आदेश को ही प्रमुख मानकर स्थिति स्पष्ट होने तक छुट्टियां जारी रखें? इस भ्रम की वजह से कई अभिभावक प्रशासनिक समन्वय पर भी सवाल उठा रहे हैं कि बच्चों से जुड़े इतने संवेदनशील मामले में दो आदेश क्यों जारी हुए.
चर्चा का बड़ा विषय बना
शहर में इसे प्रशासन की “डबल छुट्टी पॉलिसी” के रूप में देखा जा रहा है. यह चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. लोगों का कहना है कि यदि ठंड इतनी खतरनाक है कि 28 दिसंबर तक पढ़ाई रोकनी पड़े तो फिर 31 दिसंबर तक की पूर्व घोषित छुट्टी के साथ एक स्पष्ट, एकरूप आदेश क्यों नहीं जारी किया गया? कुल मिलाकर, मौसम की मार के साथ आदेशों की उलझन ने भी अभिभावकों को ठंड के बीच चिंता में डाल दिया है. अब सभी की नजर प्रशासन के उस अंतिम स्पष्ट निर्देश पर टिकी है, जो बच्चों की सुरक्षा और अभिभावकों की शंका दोनों का समाधान कर सके.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.