Jamshedpur Schools Closed News: जमशेदपुर में ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 5 और 6 जनवरी 2026 को कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है. साथ ही अभिभावक से अपील भी की गई है.
जारी हुआ ये आदेश
जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 5 जनवरी 2026 और 6 जनवरी 2026 को पूरी तरह स्थगित रहेगी. इन दो दिनों तक विद्यालयों में कक्षा संचालन और पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा. यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि ठंड के कारण वे बीमार न पड़ें.
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में बोर्ड परीक्षा पूर्व से निर्धारित है, तो विद्यालय अपने विवेक से परीक्षा का आयोजन कर सकते हैं. ऐसे मामलों में स्कूल प्रबंधन को छात्रों की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है.
छुट्टी के बाद भी होगा कार्य
इसके अलावा, 6 जनवरी 2026 को सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे. उन्हें अपनी उपस्थिति eVV पोर्टल पर दर्ज करनी होगी और विद्यालय से संबंधित गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. यानी छात्रों की छुट्टी के बावजूद स्कूल प्रशासनिक कार्य चलते रहेंगे.
की गई ये अपील
विद्यालय प्रबंधन को आदेश दिया गया है कि वे इस निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें. साथ ही, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें.
बच्चों को मिलेगी राहत
यह आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी किया गया है, जिसे उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम का अनुमोदन प्राप्त है. आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी शिक्षा अधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है. कुल मिलाकर, यह निर्णय जिले के हजारों छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया एक एहतियाती और जनहितकारी कदम है, जिससे ठंड के इस दौर में बच्चों को राहत मिलेगी.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.