Bokaro News: भुवनेश्वर के KISS यानी कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की तर्ज पर बोकारो में राष्ट्रीय स्तर का आवासीय विद्यालय खुलेगा. 30 एकड़ में बनने वाले इस स्कूल से आदिवासी और वंचित बच्चों को मुफ्त शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर एक अहम बैठक की गई.
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर सोमवार को बोकारो निवास सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा, बीएसएल (BSL) के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन और KISS-KIIT के निदेशक पुनित प्रधान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. बैठक के दौरान बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज ने घोषणा की कि विद्यालय की स्थापना के लिए प्रबंधन पूर्ण सहयोग देगा. इसके लिए बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र में 25 से 30 एकड़ भूमि चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है. इतनी बड़ी भूमि पर आधुनिक शैक्षणिक परिसर के साथ-साथ उच्चस्तरीय आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
फरवरी में भुवनेश्वर जाएगी अधिकारियों की टीम
KISS के सफल शैक्षणिक मॉडल और संचालन व्यवस्था को गहराई से समझने के लिए जिला प्रशासन और बीएसएल की एक संयुक्त टीम फरवरी के पहले सप्ताह में भुवनेश्वर (ओडिशा) का दौरा करेगी. इस अध्ययन यात्रा के बाद प्राप्त अनुभवों के आधार पर बोकारो में विद्यालय निर्माण के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि झारखंड का वास्तविक विकास तभी संभव है. जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण पहुंचे. उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित विद्यालय वंचित वर्ग के बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार का एक ऐतिहासिक कदम है.
क्यों खास है KISS मॉडल?
KISS मॉडल अपनी आधुनिक शिक्षा प्रणाली के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. यहां किंडरगार्टन (KG) से लेकर स्नातकोत्तर (PG) तक की शिक्षा निःशुल्क दी जाती है. प्रस्तावित विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, उन्नत विज्ञान प्रयोगशालाएं, डिजिटल लर्निंग सेंटर, विशाल पुस्तकालय और खेलकूद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का बुनियादी ढांचा होगा. इस विद्यालय के शुरू होने से न केवल बोकारो बल्कि पूरे झारखंड के वंचित और आदिवासी वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा, आवास और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.