स्मार्ट स्टडी ही सफलता की कुंजी
बातचीत के दौरान शिक्षक दीपक प्रकाश ने साफ शब्दों में कहा कि अब समय बर्बाद करने का कोई मतलब नहीं है. छात्रों को यह समझना होगा कि पूरे सिलेबस को रटने के बजाय सिलेक्टेड और महत्वपूर्ण प्रश्नों की तैयारी ज्यादा फायदेमंद साबित होती है. उन्होंने बताया कि परीक्षा पैटर्न छात्रों के पक्ष में है, क्योंकि प्रश्नों की संख्या दोगुनी रहती है और उत्तर आधे ही देने होते हैं.उदाहरण के तौर पर 70 ऑब्जेक्टिव में से 35, 20 शॉर्ट टाइप में से 10 और 6 लॉन्ग टाइप में से केवल 3 प्रश्न हल करने होते हैं. ऐसे में यदि छात्र रणनीति के तहत पढ़ाई करें तो अच्छे अंक लाना बिल्कुल आसान है. उन्होंने समय प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रोजाना पढ़ाई का एक निश्चित शेड्यूल बनाकर उसी के अनुसार अभ्यास करें. उन्होंने कहा कि बच्चे क्वेश्चन बैंक का सहारा इतने कम समय है तो ले सकते हैं लेकिन वहां से सिर्फ क्वेश्चन ही ले आंसर ना ले क्योंकि उतना सही नहीं होता जितना होना चाहिए.
फिजिक्स के ये टॉपिक दिलाएंगे बढ़त
दीपक प्रकाश के अनुसार इंटर फिजिक्स में कुछ अध्याय ऐसे हैं, जहां से हर साल बड़ी संख्या में प्रश्न पूछे जाते हैं. खासकर ऑप्टिक्स, करंट इलेक्ट्रिसिटी, इलेक्ट्रोस्टैटिक्स, मैग्नेटिज्म और एसी सर्किट छात्रों के लिए स्कोरिंग साबित हो सकते हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि गॉस का प्रमेय, संधारित्र, किरचॉफ के नियम, मीटर ब्रिज, बायोट-सावार्ट नियम, साइक्लोट्रॉन, ट्रांसफॉर्मर, LCR परिपथ, पतला लेंस, प्रिज्म और समतुल्य लेंस जैसे टॉपिक को अच्छे से समझकर तैयारी करें. इन अध्यायों से न सिर्फ लॉन्ग आंसर बल्कि शॉर्ट और ऑब्जेक्टिव प्रश्न भी पूछे जाते हैं. सूत्रों को याद रखने के साथ-साथ उनके प्रयोग और व्युत्पत्ति को भी समझना जरूरी है.
लॉन्ग और शॉर्ट प्रश्नों की तैयारी ऐसे करें
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि लॉन्ग टाइप प्रश्नों में साफ-सुथरा डायग्राम, सही सूत्र और क्रमबद्ध व्याख्या बेहद जरूरी है. जैसे—ह्वीटस्टोन ब्रिज, विभवमापी, चल कुंडली गैल्वेनोमीटर, संयुक्त सूक्ष्मदर्शी, खगोलीय दूरबीन, यंग का द्वि-छिद्र प्रयोग, प्रकाश का ध्रुवण, बोर का परमाणु मॉडल, ट्रांजिस्टर और लॉजिक गेट्स. वहीं शॉर्ट टाइप प्रश्नों के लिए वान डी ग्राफ जनरेटर, भंवर धारा, लैज का नियम, चोक कुंडली, वाटहीन धारा, दिकपात, नमन कोण, डी-ब्रोग्ली तरंगदैर्घ्य, नाभिकीय विखंडन-संलयन, एलईडी और प्रकाशीय तंतु जैसे टॉपिक को संक्षेप में लेकिन स्पष्ट रूप से तैयार करना चाहिए. उनका कहना है कि शॉर्ट प्रश्नों में भाषा सरल रखें और सीधे पॉइंट पर उत्तर लिखें.
आत्मविश्वास ही दिलाएगा सफलता
अंत में शिक्षक दीपक प्रकाश ने छात्रों को आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले बार-बार रिवीजन करें, पुराने प्रश्नपत्रों का अभ्यास करें और किसी भी हालत में घबराएं नहीं. नींद, खान-पान और मानसिक संतुलन भी उतना ही जरूरी है जितना पढ़ाई. यदि छात्र सही रणनीति, चयनित टॉपिक और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ते हैं, तो 100 प्रतिशत अच्छे अंक हासिल किए जा सकते हैं. यह समय मेहनत को सही दिशा देने का है, क्योंकि थोड़ी सी समझदारी और मार्गदर्शन छात्रों के भविष्य को नई ऊंचाई दे सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.