दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, समय का रखें खास ध्यान
राज्य के 1,699 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी. जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. पहली शिफ्ट के छात्रों को सुबह 9 बजे तक और दूसरी शिफ्ट के छात्रों को 1:30 बजे तक हर हाल में परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा. ध्यान रहे परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं मिलेगी.
15 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी देगें परीक्षा, लड़कियों की संख्या अधिक
इस साल कुल 15,12,687 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इनमें 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र हैं. यानी इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से ज्यादा है. वहीं, पटना जिले में 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
मॉडल केंद्रों पर सिर्फ छात्राएं देंगी परीक्षा
राज्यभर में 152 मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. हर जिले में चार-चार मॉडल केंद्र तैयार किए गए हैं. इन केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी. यहां सभी कर्मचारी और पदाधिकारी भी महिलाएं ही होंगी. पटना में भी 4 मॉडल केंद्र बनाए गए हैं.
देर से पहुंचने पर होगी सख्त कार्रवाई
बोर्ड ने साफ कहा है कि छात्र जाम या अन्य परेशानी से बचने के लिए समय से पहले घर से निकलें. अगर कोई छात्र देर से पहुंचकर जबरदस्ती गेट या दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश करेगा, तो उसे 2 साल के लिए परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा. साथ ही उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया जाएगा. वहीं, अगर किसी केंद्राधीक्षक या अन्य व्यक्ति ने ऐसे छात्रों की मदद की, तो उनके खिलाफ भी निलंबन और कानूनी कार्रवाई होगी.
परीक्षा केंद्र में ये चीजें पूरी तरह हैं बैन
परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच या मैग्नेटिक वॉच पहनकर जाना मना है. छात्रों को केवल वेलिड एडमिट कार्ड, पेन, पेंसिल और जरूरी इंस्ट्रूमेंट बॉक्स ही ले जाने की अनुमति है. केंद्र पर छात्रों की दो बार तलाशी ली जाएगी, ताकि कोई भी छात्र अनाधिकृत कागज या गैजेट अंदर न ले जा सके.
एडमिट कार्ड खो जाए तो भी मिल सकता है मौका
अगर किसी छात्र का एडमिट कार्ड खो जाता है या घर पर रह जाता है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है. परीक्षा केंद्र पर अटेंडेंस शीट में लगी फोटो और रोल लिस्ट से पहचान कर उस छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी.
कंट्रोल रूम रहेगा एक्टिव
परीक्षा को सही तरीके से कराने के लिए बोर्ड ने कंट्रोल रूम बनाया है. यह 25 फरवरी तक काम करेगा. किसी भी समस्या की स्थिति में 0612-2232257 और 0612-2232227 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. वहीं, दिव्यांग छात्रों को, जो राइटर की सुविधा लेते हैं, उन्हें हर घंटे के लिए अधिकतम 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. बोर्ड ने सभी छात्रों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और शांत मन से परीक्षा दें. सही तैयारी और समय की पाबंदी ही सफलता की कुंजी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.