हुकम सिंह रोड पर रात के अंधेरे में सवारी से मोबाइल छीनने वाले ई-रिक्शा चालक और उसके 2 साथियों को राहगीरों ने घेर लिया। तीनों सवारी को धक्का देकर रिक्शा से उतार रहे थे। राहगीरों ने चालक से मोबाइल लेकर सवारी को लौटाया। वहीं चालक अपने साथियों सहित चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
घटना शनिवार रात 8 बजे की है। हालांकि घटना का एक शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी चालक अपने 2 साथियों के साथ बस स्टैंड से सवारी को बैठाकर फोरएस चौक की ओर जा रहा था।
जब रेलवे ब्रिज से उतर हुकम सिंह रोड पर पहुंचा तो अंधेरे का फायदा उठाते हुए रिक्शा रोड किनारे लगाकर सवारी से मोबाइल छीन लिया। ई-रिक्शा पर किसी तरह का नंबर प्लेट और न ही यूनिक नंबर था। भले ही आरोपी फरार हो गए, मगर वीडियो में आरोपियों की तस्वीर कैद हो गई है।
पीड़ित ने बताया कि मजदूरी का काम करता है। बस स्टैंड से ई-रिक्शा पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था। ई-रिक्शा चालक के साथ 2 युवक और बैठे थे, उसे लगा कि सवारी हैं। जब उसका मोबाइल छीन लिया तो पता चला कि तीनों साथ हैं।
राहगीरों ने उसका मोबाइल तो दिलवा दिया मगर ऐसे ई-रिक्शा वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ट्रैफिक एडीसीपी अमनदीप कौर ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ई-रिक्शा पर यूनिक नंबर लगा रही है। जो यूनिक टैग नहीं लगवा रहे हैं, उनके खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.