उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड स्थित करौंदी टोला के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक चंद्रभान रौतेल पर नशे की हालत में स्कूल आने और कुर्सी पर सोते हुए पाए जाने का आरोप लगा है। गुरुवार को इस घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी
वायरल वीडियो में शिक्षक चंद्रभान रौतेल कुर्सी पर बैठे हुए दिख रहे हैं और बोलने की स्थिति में नहीं हैं। वीडियो में उन्हें सोते हुए भी देखा जा सकता है, जबकि आसपास के लोग उन्हें बुला रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने शिक्षक के इस व्यवहार पर नाराजगी व्यक्त की।

मामले की जानकारी मिलने पर गुरुवार को बीआरसीसी मानपुर ने जांच के लिए एक टीम को स्कूल भेजा। टीम ने मौके पर शिक्षक को नशे की हालत में पाया। टीम ने स्कूल में ही पंचनामा बनाया और उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
बीआरसीसी यज्ञ सेन त्रिपाठी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पंचनामा बनवाया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन उच्च कार्यालय भेजा जाएगा।
यह पहली बार नहीं है जब शिक्षक चंद्रभान रौतेल पर नशे में स्कूल आने का आरोप लगा है। उन्हें पहले भी इसी तरह के मामले में निलंबित किया जा चुका है, लेकिन बहाली के बाद उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.