अल्मोड़ा। कोसी नदी से नगर को पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पेयजल लाइन कोसी स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप फट गई। इस कारण एडम्स स्थित पेयजल टैंक में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इससे 40 हजार से अधिक की आबादी पानी नहीं मिलने से परेशान रही।
कोसी नदी से नगर को पेयजल मुहैया कराने के लिए नगर में 10 जलाशयों का निर्माण किया गया है जिनमें पानी का भंडारण कर संबंधित क्षेत्रों में वितरित किया जाता है। बीते मंगलवार की देर शाम एडम्स जोन को जाने वाली पेयजल लाइन कोसी स्थित आरटीओ कार्यालय के पास पुरानी होने और पानी के अधिक दबाव के कारण फट गई। इससे पंपिंग ठप रही और एडम्स स्थित पेयजल टैंक में पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इस पेयजल टैंक से जुड़े हीराडुंगरी, जाखनदेवी, ढूंगाधारा, पोखरखाली, गोपालधारा, धारानौला, चीनाखान, एनटीडी समेत अन्य मोहल्लों में बुधवार को जलापूर्ति ठप रही। इससे 40 हजार से अधिक की आबादी को पानी के लिए तरसना पड़ा। लोग निर्धारित समय पर पानी आने का इंतजार करते रहे लेकिन पानी नहीं आया। जल संस्थान कार्यालय में फोन करने पर लोगों को पेयजल लाइन फटने की जानकारी मिली। कई लोगों ने नौलों और धारों से पानी ढोकर काम चलाया। सूचना मिलने के बाद अवर अभियंता अर्जुन नेगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लाइन को दुरुस्त किया।
———–
पेयजल लाइन फटने से एडम्स जलाशय को पानी नहीं मिल पाया। फटी पेयजल लाइन को ठीक कर लिया गया है। बृहस्पतिवार से जलापूर्ति सुचारू होगी। -वीरेंद्र सिंह मेहता, एई जल संस्थान अल्मोड़ा
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.