कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा और दौसा से कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने मंगलवार को जिला अस्पताल में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बने ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी यूनिट भवन का लोकार्पण किया। विधानसभा उपचुनाव के बाद यह पहला मौका था, जब दोनों नेता एक ही मंच पर नजर आए। कार्यक्रम के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया।
मंच से संबोधित करते हुए कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी ने विधायक बैरवा से कहा कि उनके दिमाग में कोई पार्टी नहीं है और विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी हमारी सरकार है, आपका कोई भी काम हो, मैं मना नहीं करूंगा। आप जो भी काम बताओगे, उसमें मदद करूंगा लेकिन राजनीतिक रूप से यदि हमारा कोई कार्यकर्ता फंस जाए तो उसे बचाना हमारी जिम्मेदारी है।
डॉ. किरोड़ीलाल ने विधायक बैरवा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने छक्का मारकर जिला मुख्यालय की सीट जीती है। लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है और कभी बुरा नहीं मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुख-दुख और धूप-छांव की तरह राजनीति में सब चलता रहता है लेकिन क्षेत्र का विकास एकजुट होकर करना चाहिए।
खाद की उपलब्धता को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि ऊपर से पूरी सप्लाई नहीं मिल रही है फिर भी किसानों का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग तो भगवान राम से भी संतुष्ट नहीं हुए, मुझसे कैसे होंगे। इसके बावजूद सरकार जनता की सेवा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें: IPL Rajasthan Royals: RCA से विवाद के बाद राजस्थान छोड़ गुजरात से खेले रवि, अब घर वापसी पर क्या बोले कोच?
डूंगरी बांध को लेकर चल रहे विवाद पर डॉ. किरोड़ी ने कहा कि अफवाह फैलाई जा रही है कि 78 गांव शिफ्ट होंगे, जबकि सच्चाई यह है कि केवल 9 गांव ही प्रभावित होंगे। इन गांवों के लोगों को उनकी इच्छानुसार स्थान पर बसाया जाएगा और मकान, जमीन व पशुधन सहित सभी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रस्तावित डूंगरी बांध की भराव क्षमता को जनहित में 10 मीटर कम किया गया है। उन्होंने बताया कि परियोजना से जयपुर-बांदीकुई क्षेत्र में गुरुग्राम की तर्ज पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा और नया एक्सप्रेस वे डूंगरपुर गांव के पास से बाड़मेर रिफाइनरी को दिल्ली-मुंबई से जोड़ेगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि ईआरसीपी के तहत 6 से 8 महीनों में ईसरदा से दौसा को भरपूर पानी मिलेगा। जिले के 13 बड़े बांधों को योजना से जोड़ा गया है। चंबल का पानी ईसरदा से कानोता, रामगढ़ और चांदराना बांध होते हुए बाणगंगा नदी में भरतपुर तक छोड़ा जाएगा। इस परियोजना से 17 जिलों के लोग लाभान्वित होंगे और करीब 4 लाख 28 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। मंत्री ने अस्पताल की पेयजल व्यवस्था को लेकर पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा और सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया।
डॉ. किरोड़ी ने कहा कि जिले में इमरजेंसी यूनिट की सख्त जरूरत थी, क्योंकि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे, जयपुर-आगरा और अन्य प्रमुख हाईवे यहां से गुजरते हैं। लगातार होते हादसे महामारी का रूप ले चुके हैं। फिलहाल 362 बेड के इस अस्पताल को जल्द ही 500 बेड का किया जाएगा। निर्माणाधीन आईपीडी टावर में अलग-अलग बीमारियों के लिए 9 ऑपरेशन थिएटर होंगे।
दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी है और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल स्टाफ ने कृषि मंत्री का 21 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। लोकार्पण कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नर्सिंग एसोसिएशन के सदस्य और अस्पताल स्टाफ बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.