देवघर से गुजरात के अहमदाबाद के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने की दिशा में बड़ी और निर्णायक प्रगति हुई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देवघर-अहमदाबाद रूट पर उड़ान संचालन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
.
अब केवल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की औपचारिक स्वीकृति बाकी है, जिसके बाद इस रूट पर नियमित उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है। जल्द ही अंतिम अनुमति मिलने की संभावना है।
अकासा एयरलाइंस ने रखा है प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार अकासा एयरलाइंस ने देवघर-अहमदाबाद रूट पर नियमित उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। संभावना जताई जा रही है कि इसी एयरलाइन को इस रूट के लिए स्लॉट आवंटित किया जाएगा।
फिलहाल देवघर एयरपोर्ट पर स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और एयरपोर्ट की संचालन क्षमता को देखते हुए किसी बड़ी तकनीकी बाधा की आशंका नहीं है। डीजीसीए की मंजूरी मिलते ही अकासा एयरलाइंस उड़ान का शेड्यूल जारी कर सकती है।
उच्चस्तरीय बैठक में बनी सहमति
दिल्ली में हाल ही में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में इस रूट को लेकर अहम सहमति बनी थी। बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे शामिल हुए थे।
इसमें देवघर एयरपोर्ट के विस्तार, यात्री सुविधाओं के विकास और नई उड़ान सेवाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसी बैठक में अहमदाबाद के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने पर सहमति बनी, जिसके बाद मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया को गति दी गई।
कनेक्टिविटी बढ़ेगी, यात्रियों को मिलेगा फायदा
देवघर-अहमदाबाद हवाई सेवा शुरू होने से देवघर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यवसायिक केंद्र अहमदाबाद से सीधे जुड़ जाएगी। गुजरात में संथाल परगना क्षेत्र से बड़ी संख्या में छात्र, कामगार, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोग रहते और काम करते हैं।
जिन्हें इस सेवा से सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाली होगी। नई उड़ान सेवा से न केवल यात्रा का समय और खर्च घटेगा, बल्कि देवघर एयरपोर्ट की उपयोगिता बढ़ेगी और क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.