डीडवाना के बड़ी खाटू कस्बे में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल राहगीर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बड़ी खाटू निवासी श्यामलाल (47) पुत्र भंवरलाल कस्बे में पैदल चल रहे थे। इसी दौरान एक बेकाबू बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल श्यामलाल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज किया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस की सहायता से राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल, डीडवाना रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.