धौलपुर जिले के कौलारी थाना क्षेत्र के पिपहेरा गांव में लुटेरी दुल्हन की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहिता ने परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
धूमधाम से हुआ था विवाह और स्वागत
जानकारी के अनुसार, पिपहेरा निवासी बाबूलाल कोली दो दिन पहले आगरा से दुल्हन लाकर विवाह बंधन में बंधे थे। गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना हुई और बैंड-बाजों के साथ दुल्हन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। बताया गया है कि दुल्हन के साथ उसकी एक छोटी बहन भी आई थी।
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया वारदात को अंजाम
शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। रात के समय परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया, लेकिन उसी दौरान दुल्हन ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही दूल्हे सहित घर के सभी सदस्य बेहोश होकर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें- Jodhpur: पर्यटन पर आई यूक्रेन की महिला की संदिग्ध हालात में मौत, पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी
बेहोशी का फायदा उठाकर आभूषण और नकदी ले गई दुल्हन
जैसे ही पूरा परिवार बेसुध हो गया, दुल्हन ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटी और मौके से फरार हो गई। घर में मौजूद किसी भी सदस्य को इसका आभास तक नहीं हो सका। अगली सुबह पड़ोसियों ने जब परिवार के सभी लोगों को बेहोश हालत में पड़ा देखा तो गांव में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही कौलारी थाना अधिकारी हरि नारायण मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी बेहोश परिजनों को इलाज के लिए बसई नवाब राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुल्हन और उसके साथ आई छोटी बहन की पहचान, शादी कराने वाले विचौलिये की भूमिका और किसी संगठित गिरोह से जुड़े होने की आशंका जैसे सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस फरार दुल्हन की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.