Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा से बालिका आश्रम से दो लड़कियां भाग गई थी, जिन्हें अब बरामद कर लिया गया है. दोनों की तलाश चल रही थी और अब शिमला में मिली हैं. छात्राओं की उम्र क्रमशः करीब साढ़े 17 वर्ष और 16 वर्ष बताई जा रही है और दोनों पहले भी भाग चुकी हैं.
जानकारी के अनुसार, गरली बालिका आश्रम में रहने वाली लगभग 20 छात्राएं मंगलवार को स्कूल से पढ़ाई के बाद दोपहर करीब तीन बजे आश्रम लौट रही थीं. इस दौरान आश्रम का केयरटेकर भी उनके साथ था. रास्ते में दो छात्राएं अचानक गायब हो गईं. छात्राओं के लापता होने की जानकारी मिलते ही आश्रम प्रबंधन में हड़कंप मच गया.आश्रम प्रबंधन ने तुरंत रक्कड़ पुलिस थाना को सूचना दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं अपनी मर्जी से आश्रम से निकली थीं.
पठानकोट होते हुए शिमला पहुंचीं छात्राएं
पुलिस जांच में पता चला कि स्कूल से निकलने के बाद दोनों छात्राएं पहले पंजाब के पठानकोट पहुंचीं. वहां से रात करीब 9:30 बजे पठानकोट-शिमला बस में सवार हो गईं. बस यात्रा के दौरान छात्राओं ने कंडक्टर के मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति को कॉल किया. यही कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई. कॉल की लोकेशन के आधार पर रक्कड़ पुलिस ने छात्राओं की मूवमेंट को ट्रेस किया और रातभर निगरानी रखी. इसके बाद बुधवार सुबह शिमला के बालूगंज क्षेत्र में दोनों छात्राओं को सुरक्षित डिटेन कर लिया गया. इस घटना की पुष्टि पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने की है.
पहले भी आश्रम से भाग चुकी हैं दोनों
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों छात्राओं के माता-पिता नहीं हैं और वे गरली स्थित बालिका आश्रम में रह रही थीं. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों लड़कियां पहले भी एक बार आश्रम से भाग चुकी हैं, जिसको लेकर रक्कड़ थाना में मामला दर्ज है.इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस ने पहले से संदिग्ध संपर्कों और मोबाइल नंबरों को ट्रेसिंग पर रखा था, जिससे इस बार छात्राओं को समय रहते ढूंढने में सफलता मिली. पुलिस अब छात्राओं को कांगड़ा लाकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.