धार जिले में युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि युवक को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
सीएम हेल्पलाइन शिकायत और पैसों की मांग
पुलिस के अनुसार, मृतक मालसिंह इस्के को पत्नी मनुबाई और उसके परिजन सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई शिकायत वापस लेने के एवज में दो लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। इसी मांग और लगातार प्रताड़ना से आहत होकर मालसिंह ने आत्महत्या कर ली।
घटना का विवरण और प्रारंभिक कार्रवाई
मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम लुन्हेरा सड़क स्थित इस्कियापुरा में 29 दिसंबर सोमवार शाम युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मृतक की पहचान मालसिंह इस्के पिता रूपसिंह इस्के के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया और पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
परिजनों के बयान और पारिवारिक पृष्ठभूमि
मृतक के परिजन अजय इस्के ने पुलिस को बताया कि पत्नी और उसके परिजनों की प्रताड़ना के चलते मालसिंह ने यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार मृतक एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि दंपती की शादी को दस वर्ष हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।
यह भी पढ़ें- Morena: गाय चराने से रोका तो दबंगों ने दलित परिवार पर बरसाईं गोलियां, लाठी-डंडों से भी पीटा; पांच लोग घायल
पत्नी ने पी लिया था जहर
जानकारी के मुताबिक, पिछले सप्ताह मृतक की पत्नी मनुबाई ने कीटनाशक दवाई पी ली थी, जिसका इलाज स्वयं मालसिंह ने मनावर के एक निजी अस्पताल में करवाया था। इसके बाद पत्नी ने पति के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस की जांच और दर्ज धाराएं
थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनुबाई पति मालसिंह इस्के, ससुर गुलाब जर्मन और पत्नी के भाई देवीसिंह द्वारा दो लाख रुपये की मांग, बार-बार झूठी एफआईआर की धमकी, दवाई पीने की घटनाओं और संतान न होने को लेकर ताने मारकर मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के तथ्य सामने आए। जांच में आरोपियों के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस पाए जाने पर मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीम
पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है। जांच के विभिन्न पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान ने बताया कि युवक के आत्महत्या मामले की जांच जारी है। प्रथम दृष्टया पत्नी, ससुर और पत्नी के भाई द्वारा लगातार प्रताड़ना के आधार पर मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.