रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना में एक बेटे ने महज मकान बेचने के विवाद में अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। धार जिले की सरदारपुर पुलिस ने 24 दिसंबर को बरमंडल में हुई इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 24 दिसंबर को राजोद थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बरमंडल में 62 वर्षीय जगदीश दातलेचा का शव उनके घर के अंदर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना स्थल का निरीक्षण करने पर मृतक के सिर में गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, एएसपी विजय डावर और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामसिंह राठौर ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक के पुत्र बाबुलाल दातलेचा पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो बाबूलाल टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये भी पढ़ें: Ujjain News: जूना अखाड़े के अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, इस नंबर से आया मैसेज
आरोपी ने बताया कि वह अपने पिता का मकान बेचना चाहता था लेकिन पिता जगदीश दातलेचा मकान बेचने से मना कर रहे थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद चल रहा था।
थाना प्रभारी राठौर के अनुसार आरोपी ने कबूला कि 23 दिसंबर की रात करीब 10 बजे इसी विवाद के चलते उसने आवेश में आकर पास ही पड़ी ईंट से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी बाबूलाल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, घटना के समय इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल और खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर सरदारपुर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.