धार जिले की सरदारपुर तहसील के अमझेरा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी करीब 18 घंटे तक घर में ही शव के साथ रहा। पुलिस ने समय रहते आरोपी को भागने से पहले राउंडअप कर लिया है।
हत्या के बाद घर में ही रुका रहा आरोपी
घटना की सूचना मिलने पर अमझेरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने आरोपी थावरसिंह पिता रुपसिंह सिंगार को हिरासत में लिया। थाना स्तर की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को शनिवार सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा।
खाने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह
अमझेरा थाना अंतर्गत ग्राम भाटीखोदरा में कैलाश उर्फ प्रहलाद पिता रुपसिंह, उम्र 60 वर्ष, अपने घर में रहते थे। उनके साथ छोटा भाई थावरसिंह भी निवास करता था। एक सप्ताह पहले आरोपी की पत्नी रिश्तेदार के यहां चली गई थी, जिसके बाद घर में दोनों भाई अकेले थे। 31 दिसंबर की रात भोजन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
गेती के हत्थे से किया हमला, पीएम रिपोर्ट से पुष्टि
देर रात हुए विवाद के दौरान आरोपी ने गेती के हत्थे से बड़े भाई के सिर पर हमला किया। इसके बाद गले और चेहरे पर भी चोट पहुंचाई गई, जिससे कैलाश उर्फ प्रहलाद की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, गले और चेहरे पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। इसी आधार पर लक्ष्मण पिता बच्चु, उम्र 30 वर्ष, की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
नए साल के दिन भागने की कोशिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 31 दिसंबर की रात करीब 11 बजे हत्या की थी। इसके बाद वह पूरी रात और अगले दिन दोपहर तक शव के साथ घर में ही रहा। नए साल के पहले दिन करीब तीन बजे वह घर से भागा, लेकिन पुलिस को देर शाम सूचना मिलने पर रात में ही गांव पहुंचकर घेराबंदी की गई और आरोपी को राउंडअप कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- MP Crime: भोपाल में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, घर में मिला शव; भाई ने जताई हत्या की आशंका
पुराने विवाद भी आए सामने
पुलिस जांच में परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा के दौरान यह सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में अमझेरा पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी राजू मकवाना ने बताया कि ग्राम भाटीखोदरा के फलिये में हत्या की घटना हुई है। जांच में दोनों भाइयों के बीच झगड़े की बात सामने आई है। आरोपी द्वारा हथियार से हमला किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। मामला दर्ज कर जांच जारी है और आरोपी को राउंडअप कर लिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.