धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में शनिवार को बीसीसीएल के दो कर्मियों पर हमला हुआ। लगभग 40 असामाजिक तत्वों ने हाजिरी घर के पास लाठी-डंडों से उन पर हमला किया, जिसमें ड्रिल हेल्पर देवेंद्र रावत और काटा बाबू दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सात से आठ टांके लगाने पड़े प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अचानक पहुंचकर देवेंद्र रावत पर लाठी-डंडों से वार किया। इस हमले में देवेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके लिए उन्हें सात से आठ टांके लगाने पड़े। इसके बाद हमलावरों ने काटा बाबू दीपक कुमार को भी पीटा, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्रोजेक्ट क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। बीसीसीएल प्रबंधन की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल धनबाद के सेंट्रल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। विश्वकर्मा प्रोजेक्ट के फोरमैन इंचार्ज कुंवर सिंह ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे लगभग 40 लोग लाठी-डंडे लेकर कटा घर के पास पहुंचे थे। उन्होंने देवेंद्र रावत और दीपक कुमार पर हमला किया और वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए। लोडिंग पॉइंट पर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। इधर, धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने जानकारी दी कि विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में कोयला चुनने से जुड़े 10 से 15 लोगों द्वारा हाजिरी घर के पास दो व्यक्तियों के साथ मारपीट की गई है। उन्होंने बताया कि मारपीट से पहले झरिया स्थित एक लोडिंग पॉइंट पर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मारपीट का कारण लोडिंग पॉइंट के पास रास्ता बंद किए जाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.