रविवार की रात धनबाद जंक्शन पर उस वक्त उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब पहली बार हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंची। रात 9:19 बजे जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर दाखिल हुई, मोबाइल के फ्लैश चमक उठे और पहले से मौजूद सैकड़ों लोग खुशी से झूम उठे। ट्रेन के रुकते ही इंजन और कोचों पर रंग-बिरंगे फूलों की बारिश शुरू हो गई। जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने लोको पायलट अजीत कुमार सिन्हा समेत ट्रेन के सभी क्रू सदस्यों को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और मुंह मीठा कराया। संतरागाछी से रवाना हुई इस विशेष ट्रेन के धनबाद पहुंचने पर यात्रियों में भी खासा उत्साह देखा गया। लोको पायलट बोले- ऐसा उत्साह पहले कभी नहीं देखा यह अमृत भारत एक्सप्रेस दोपहर 2:45 बजे संतरागाछी स्टेशन से रवाना हुई थी। ट्रेन हावड़ा, बंडेल, वर्धमान, दुर्गापुर और आसनसोल होते हुए धनबाद पहुंची। लोको पायलट अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में कई ट्रेनों का पहला फेरा कराया है। लेकिन इस तरह का जोश और स्वागत पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि यह पल हमेशा उनकी यादों में दर्ज रहेगा। गोमो और पारसनाथ स्टेशन पर भी सांसद सीपी चौधरी ने ट्रेन का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को संतरागाछी से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। दिल्ली के लिए एक और साप्ताहिक ट्रेन धनबाद स्टेशन पर आयोजित स्वागत समारोह में सांसद ढुल्लु महतो और विधायक राज सिन्हा मौजूद रहे। दोनों ने इसे धनबाद के लिए गौरव का क्षण बताया। सांसद ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में धनबाद होकर और नई ट्रेनें भी शुरू होंगी। रात 9:30 बजे सांसद-विधायक ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में एडीआरएम अमित कुमार, सीनियर डीसीएम मो. इकबाल, जेडआरयूसीसी सदस्य पिंटू कुमार सिंह, बीरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। आज पहुंचेगी आनंद विहार स्टेशन यह ट्रेन अगले दिन रात नौ बजे आनंद विहार पहुंचेगी। 22 जनवरी से यह हर गुरुवार को हावड़ा से और 24 जनवरी से हर शनिवार को आनंद विहार से नियमित रूप से चलेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से धनबाद के यात्रियों को दिल्ली के लिए एक और साप्ताहिक विकल्प मिला है, जो वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर और बरेली के रास्ते चलेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.