यह रेस्टोरेंट अपने अलग एयरप्लेन थीम की वजह से लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यहां ग्राहक हवाई जहाज के अंदर बैठकर खाना खाने जैसा अनुभव लेते हैं, जो शहर में पहली बार देखने को मिल रहा है.
सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले आइटम
रेस्टोरेंट के शेफ लकी बताते हैं कि धनबाद के लोग यहां सबसे ज्यादा चिकन रारा मसाला, चिकन सूप, वेज सूप, असाटी पनीर, पनीर बटर मसाला और नान पसंद करते हैं. चिकन रारा मसाला की कीमत ₹400 है, जिसमें करीब 6 बड़े पीस दिए जाते हैं.
वहीं पनीर बटर मसाला या मटर पनीर मसाला की कीमत ₹250 से ₹300 के बीच है, जिसमें लगभग 100 ग्राम पनीर यानी 12 टुकड़े परोसे जाते हैं. वेज और चिकन सूप की कीमत ₹150 से ₹200 तक है, जो ग्राहकों के बीच काफी पसंद किया जाता है.
रोज इतनी खपत
शेफ लकी के साथी रोहित कारीगर बताते हैं कि चिकन रारा मसाला बनाने में लगभग 20 मिनट लगते हैं. इसे बनाने के लिए 100 ग्राम प्याज, 50 ग्राम शिमला मिर्च, अदरक–लहसुन और घरेलू मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. एक प्लेट में लगभग 200 ग्राम चिकन होता है, जिसमें 6 बड़े टुकड़े शामिल होते हैं.
वहीं पनीर बटर मसाला के लिए रोज 3 किलो पनीर, 1 किलो प्याज और आधा किलो शिमला मिर्च की खपत होती है. खास मसालों के साथ तैयार किया गया यह व्यंजन ग्राहकों को बार–बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है.
बहुत ही अलग अनुभव
रेस्टोरेंट में पहुंचे जिम ट्रेनर रतन खवास बताते हैं कि उन्होंने कोलकाता और दिल्ली के कई फाइव–स्टार होटलों में काम किया है, लेकिन धनबाद में एयरप्लेन थीम पर बना इतना आकर्षक रेस्टोरेंट उन्होंने पहली बार देखा है. उन्होंने कहा कि भले ही धनबाद में अभी एयरपोर्ट नहीं है, लेकिन यहां के मालिक ने जिस तरह रेस्टोरेंट बनाया है, वह बहुत ही अलग और सराहने लायक है. यह न सिर्फ देखने में अच्छा है, बल्कि लोगों को नया अनुभव भी देता है.
धनबाद जैसे औद्योगिक शहर में इस तरह का रेस्टोरेंट न सिर्फ खाने–पीने का ठिकाना है, बल्कि लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है. एयरपोर्ट की कमी के बीच रनवे रेस्टोरेंट लोगों को हवाई यात्रा जैसा माहौल तो दे ही रहा है, साथ ही शहर के घूमने–फिरने और खाने–पीने की पहचान में एक नई चमक भी जोड़ रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.