क्रासर- कार सवार चार बदमाशों ने घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी पुन्हाना। सिरौली गांव में जहटाना रोड पर खेतों के पास बने मकान में रह रहे एक बुजुर्ग दंपति के साथ कार सवार चार बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की। वारदात गुरुवार देर रात करीब 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। पीड़ित दंपति अभी भी डर से सहमें हुए है। सूचना पर डायल 112 की गाड़ी सहित पुन्हाना पुलिस व सीआईए स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पीड़ित हसीना व उम्मर मोहम्मद के मुताबिक वे रात को अपने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान एक कार में सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। इनमें से तीन बदमाश मकान के अंदर घुस आए और सोते हुए उन्हें दबोच लिया। बदमाशों ने पहले बुजुर्ग के साथ मारपीट की और विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के कानों से सोने की बालियां और गले में पहनी सोने की हंसली लूट ली। इसके अलावा कमरे में रखे बुजुर्ग के कुर्ते की जेब से करीब 15 हजार रुपये की नकदी भी निकाल ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़ितों से पूरी जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के मुताबिक पीड़ित बुजुर्ग दंपति मकान में अकेले ही रहते है। दोनों बच्चे गुरुग्राम व दिल्ली में रोजगार करते है।
मामले में शिकायत के आधार पर जल्द केस दर्ज कर लिया जाएगा। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -ओमबीर, सदर थाना प्रभारी पुन्हाना।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.