शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित देसूला गांव में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रॉपर्टी डीलर इस भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में स्थानीय निवासियों ने गांव में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार विवादित भूमि लगभग तीन बीघा की है, जिसका उपयोग वर्षों से कब्रिस्तान के रूप में किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ डीलर दबाव बनाकर इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और निर्माण कार्य शुरू करवाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Bhilwara News: अवैध संबंध के शक में दोस्त की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या,इंदिरा विहार हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मामले को हिंदू–मुस्लिम विवाद का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं ताकि अपने कब्जे को वैध ठहरा सकें। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि देसूला गांव में दोनों समुदाय लंबे समय से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रह रहे हैं और यहां किसी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव नहीं है।
उन्होंने कहा कि वे अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस को दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक हुआ तो वे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और अवैध कब्जा रोकने की मांग करेंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.