अंबेडकरनगर। जिले के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर 18 मार्च से होने वाले यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पांच उपनियंत्रक की तैनाती कर दी गई। कुल 3,88,328 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। इसमें 189 उप प्रधान परीक्षक व 1781 परीक्षक मूल्यांकन करेंगे। इस बीच जिले में दूसरे जिलों से उत्तर पुस्तिकाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
12 मार्च को समाप्त हुई यूपी बोर्ड परीक्षा के बाद अब प्रशासन उत्तर पुस्तिकाओं के बेहतर ढंग से मूल्यांकन को लेकर तैयारी कर रहा है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार जिले में पांच केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसमें हाईस्कूल की 2,38,326 और इंटरमीडिएट की 1,50,002 उत्तर पुस्तिकाएं शामिल हैं। बीएन इंटर कॉलेज अबकरपुर में डॉ. शंकर कुमार चौधरी, संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर में डॉ. अभय कुमार मौर्य, सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में संदीप चौधरी, जनता इंटर कॉलेज फत्तेपुर बड़ागांव में अवनीश कुमार वर्मा और राम अवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन में अशोक पटेल को उपनियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अकबरपुर स्थित बीएन इंटर कॉलेज इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 50,646, संतकबीर इंटर कॉलेज सैदापुर में हाईस्कूल की 11,0764 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। इसी प्रकार सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में इंटरमीडिएट की 45,634, राम अवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन में हाईस्कूल की 62,863 और जनता इंटर कॉलेज फत्तेहपुर बड़ागांव में हाईस्कूल की 64,699 व इंटरमीडिएट की 53,719 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी।
———
मूल्यांकन को लेकर तैयारियां पूरी
18 मार्च से प्रारंभ होने वाले मूल्यांकन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। दूसरे जिलों से उत्तर पुस्तिकाओं का आना शुरू हो गया है। उन्हें सुरक्षित संबंधित केंद्र पर रखा जा रहा है।
– प्रवीण कुमार तिवारी, डीआईओएस
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.