स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम गृहमंत्री विजय शर्मा आज रविवार को कबीरधाम जिले के दौरे पर है। वे शाम के समय कवर्धा शहर के विश्राम गृह में थे। इसके बाद दौरे के लिए यहां से अपने काफिले के साथ निकले हुए थे कि विश्राम गृह के बाहर एक हादसा हो गया। उनके काफिले के एक वाहन से बाइक सवार युवक टकरा गया। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।दोनों युवकों को सामान्य चोट आई है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
दूसरी ओर आज दिन भर डिप्टी सीएम विजय शर्मा अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत दो सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया गया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की बुनियाद होता है।
विष्णुदेव साय सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम छोर पर बसे गांव तक भी मजबूत और सुरक्षित सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाए, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से प्राप्त हो सकें। भूमिपूजन किए गए सड़क निर्माण कार्य में टी-03 मेन रोड से लासाटोला तक किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 15.20 किलोमीटर है। इस सड़क के निर्माण के लिए 9 करोड़ 89 लाख 70 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी तरह एमएल-07 मेन रोड (एनएच-12ए) से भेदली तक सड़क निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 12.91 किलोमीटर है। इसके लिए 8 करोड़ 13 लाख 30 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है।