सूखी ठंड’ की चपेट में लोग
जनवरी के महीने में पर्याप्त बर्फबारी और बारिश न होना पर्यावरणविदों के लिए गहरी चिंता का विषय बन गया है. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के कारण प्रदेश ‘सूखी ठंड’ की चपेट में है. विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचे इलाकों में नाममात्र की बर्फबारी ग्लेशियरों के स्वास्थ्य और भविष्य में जल संकट की ओर इशारा कर रही है पर्याप्त हिमपात के अभाव में पहाड़ के प्राकृतिक जल स्रोत (धारे और नौले) रिचार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिसका सीधा असर आने वाली गर्मियों में पीने के पानी की उपलब्धता पर पड़ सकता है.
सेब के लिए नहीं मिल पा रहा ‘चिलिंग ऑवर’
कृषि और बागवानी पर भी इस शुष्क मौसम की मार साफ देखी जा रही है. बर्फबारी में देरी के कारण सेब के बागानों को आवश्यक ‘चिलिंग ऑवर’ नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता और पैदावार प्रभावित होने की आशंका है. इसके साथ ही, बारिश न होने से रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं और सरसों को नमी की कमी का सामना करना पड़ रहा है. निचले इलाकों में नमी के अभाव और सूखी ठंड के कारण वायरल और फ्लू जैसे रोगों में भी वृद्धि दर्ज की गई है, जो स्थानीय निवासियों की सेहत के लिए चुनौती बन गई है.
21 से 24 जनवरी के बीच बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम वैज्ञानिकों ने 21 से 24 जनवरी के बीच एक बार फिर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की उम्मीद है, जिससे सूखे के हालात से कुछ राहत मिल सकती है. अगर यह भविष्यवाणी सच साबित होती है, तो न केवल पहाड़ों की प्यास बुझेगी बल्कि कृषि क्षेत्र और पर्यटन व्यवसाय के लिए भी यह एक नई संजीवनी की तरह होगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं.हालांकि आज राज्य के सभी जिलों का मौसम शुष्क रहेगा.
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,आज 19 जनवरी 2026 को देहरादून का मौसम मुख्य रूप से साफ़ और धूप वाला रहेगा, हालांकि कहीं – कहीं आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. आज देहरादून का अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 7°C रहने का अनुमान है. सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.
पंतनगर के न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर का अधिकतम तापमान 24डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.