आज राज्य के 4 जिलों में बर्फबारी का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने जहां एक ओर कोहरे का अलर्ट जारी किया है, वहीं दूसरी ओर राज्य के 4 पर्वतीय जिलों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम के मिजाज में बदलाव आ सकता है. हालांकि, अन्य हिस्सों में फिलहाल बारिश की संभावना न के बराबर है, जिससे सूखी ठंड (Dry Cold) का प्रकोप जारी रहेगा. हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल चंपावत, देहरादून और पौड़ी जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में आज शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी. मौसम विभाग द्वारा हरिद्वार शीत दिवस की संभावना के बाद जिलाधिकारी ने आज कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए हैं.
बर्फबारी से उत्तराखंड आए पर्यटकों का बढ़िया मन सकता है जश्न
राज्य के चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के उच्च इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. ऐसे में रात के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे पाला गिरने की स्थिति बनी हुई है. यह स्थिति सड़कों पर फिसलन पैदा कर सकती है, जो यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण है, लेकिन राज्य में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों के हिल स्टेशन पर आ रहे पर्यटकों के चेहरे खिल सकते हैं, क्योंकि बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़ों को देख पाएंगे.
प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी
बढ़ती ठंड और कम दृश्यता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लोगों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें सुबह और देर रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. वाहन चालकों को वाहनों में फॉग लाइट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और गति सीमा को कम रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से ठंड से बचने और गर्म कपड़ों का प्रयोग करने को कहा गया है. गौर करने की बात यह है कि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे तराई वाले क्षेत्रों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी रह सकती है, जहां दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट आ सकती है, इसलिए यहां आने वाले लोगों को पर्याप्त मात्रा में गर्म कपड़े रखने को कहा गया है.
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रो में कहीं – कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. हिमालय के लगभग 3200 मीटर व उससे ज्यादा ऊँचाई वाले क्षेत्रो में भी बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. आज मुख्यतः आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादल भी छाए रह सकते हैं. यहां छिछला कुहरा छाए रहने की भी संभावना है. आज देहरादून का अधिकतम तापमान 21°C और न्यूनतम तापमान 08°C के लगभग रहने की संभावना है.
नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.