Uttarakhand Weather Live: उत्तराखंड में गुरुवार सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जनवरी से 27 जनवरी तक पूरे राज्य में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है.
राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक,पहाड़ों के साथ-साथ राज्य के मैदानी जिलों, जैसे हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी आज अनेक स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और गर्जन के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट और ठिठुरन बढ़ने की आशंका है.
बसंत पंचमी के दिन कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी देहरादून की बात करें तो बसंत पंचमी के दिन की शुरुआत बूंदाबांदी के साथ हुई है. आज शहर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. विभाग ने देहरादून का अधिकतम तापमान 15°C और न्यूनतम तापमान 08°C के आसपास रहने का अनुमान जताया है. बारिश के कारण शहर के तापमान में जो गिरावट आएगी, उससे सूखी ठंड से तो मुक्ति मिलेगी लेकिन शीतलहर का प्रभाव बढ़ सकता है.
27 जनवरी तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव 27 जनवरी तक जारी रहने की उम्मीद है, जो कि रबी की फसलों और पर्यावरण के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. 28 जनवरी से मौसम सामान्य होने की संभावना है.पर्वतीय क्षेत्रों में शीत दिवस (Cold Day) जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिसके कारण सड़कों पर पाला गिरने या बर्फ जमने से फिसलन बढ़ सकती है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करते समय मौसम की ताजा अपडेट लेते रहें और सुरक्षित स्थानों पर जाएं.
About the Author

पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.