मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और ‘शीत दिवस’ का अलर्ट
राज्य के मैदानी जिलों में हाड़ कपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है. सुबह और रात के समय विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी के मैदानी भाग़, नैनीताल और चंपावत के निचले इलाकों में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग ने इन 6 जिलों के लिए कोहरे और भीषण शीत दिवस की स्थिति का येलो अलर्ट जारी किया है. कोहरे के कारण सूरज की किरणें जमीन तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है.
नए साल पर बर्फबारी की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार,एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. इसके चलते आगामी 30 और 31 दिसम्बर के आसपास उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है.निचले और मध्यवर्ती पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे सूखी ठंड से राहत मिलने और नए साल पर पर्यटकों को बर्फबारी का “तोहफा” मिलने की उम्मीद है.
मैदानी इलाकों में आज भी शीत दिवस
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज राज्य के हरिद्वार , उधमसिंह नगर,नैनीताल, चम्पावत, देहरादनू और पौड़ी जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं – कहीं शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना है क्योंकि इनके मैदानी क्षेत्रों में कहीं – कहीं घना कुहरा छाए रहने के आसार हैं. वहीं देहरादून में भी आज सुबह के वक्त कुहासा छाए रहने का अनुमान है जबकि आज राजधानी का आसमान साफ रह सकता है और कहीं बादल भी मंडरा सकते हैं . आज आज देहरादून का अधिकतम तापमान 23°C और न्यूनतम तापमान 08°C के लगभग रहने की संभावना है.
नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.