देहरादून सहित उत्तराखंड के तमाम मैदानी क्षेत्रों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम दर्ज की गई है. देहरादून स्थित मौसम विभाग ने मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पौड़ी के मैदानी इलाकों के लिए घने कोहरे और शीत लहर यानि Cold Wave की चेतावनी दी है. वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति पहले ही बनी हुई है, जिससे दिन के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को दिक्कतें हो रही हैं. मैदानी जिलों में घने कोहरे के कारण सुबह और देर रात के समय सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है. प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
पहाड़ों में खिली धूप, तापमान में बढ़ोतरी
मैदानी इलाकों के विपरीत, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है. पहाड़ों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड तो है, लेकिन दिन में चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी फिलहाल बर्फबारी के आसार नहीं हैं, जिससे क्रिसमस के मौके पर सैलानियों को धूप का आनंद मिल रहा है.
27 दिसंबर से बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद कम है. शुक्रवार को भी मैदानी इलाकों में घने कोहरे का प्रकोप बना रहेगा. वहीं-28 दिसंबर के आसपास एक हल्के पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में आंशिक बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के सभी जिलों का मौसम शुष्क बने रहने के अनुमान है.
वहीं आज उधम ससंह नगर, नैनीताल, चम्पावत जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर घने से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके अलावा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर ,नैनीताल और चम्पावत जनपदों के मैदानी क्षेत्रो में कुछ स्थानों पर कोल्ड दे रहने की संभावना है. हरिद्वार, पौड़ी देहरादून के कुछ मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने और शीत दिवस रहने की संभावना है. आज देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ़ रहेगा. यहां कुहासा छाए रहने की संभावना है. देहरादून का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 08°C के लगभग रहने की संभावना है.
नई टिहरी का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते रोज देहरादून का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नई टिहरी का अधिकतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.