Dehradun News : नए साल पर बर्फबारी की आस लेकर मसूरी पहुंचे सैलानियों को मायूसी जरूर हुई, लेकिन चटख धूप, साफ मौसम और हरियाली भरे नजारों ने उनका दिल जीत लिया. बिना बर्फ के भी पहाड़ों की रानी ने पर्यटकों को सुकून और यादगार अनुभव दिया. कई पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने सिर्फ स्नोफॉल देखने के लिए महीनों पहले होटल बुक कराए थे.
नए साल और साल की पहली बर्फबारी को देखने की चाह में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से हजारों पर्यटक मसूरी पहुंचे थे. दिसंबर के अंतिम सप्ताह और जनवरी की शुरुआत में भारी बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही थी. सैलानी माल रोड, लाल टिब्बा और आसपास के इलाकों में बर्फ के बीच घूमने की तैयारी करके आए थे, लेकिन मौसम ने करवट नहीं बदली. ऊंची चोटियों पर भी केवल हल्की ठंड, पाला और धुंध ही देखने को मिला, जबकि दिन में खिली धूप ने पूरे शहर को खुशनुमा बना दिया.
बर्फ की आस में सड़कें जाम
कई पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने सिर्फ स्नोफॉल देखने के लिए महीनों पहले होटल बुक कराए थे. आईएमडी के पूर्वानुमान के बावजूद बादल मसूरी तक नहीं पहुंचे. तापमान में गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई. इसके बावजूद, बर्फबारी की उम्मीद में इतनी भीड़ उमड़ी कि शहर की सड़कों पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही.
धूप, हरियाली और साफ हवा ने जीता पर्यटकों का दिल
हालांकि बर्फ न गिरने से कुछ पर्यटक मायूस दिखे, लेकिन मसूरी की हसीन वादियां, साफ नीला आसमान और गुनगुनी धूप ने अधिकांश सैलानियों को एक अलग ही सुकून भरा अनुभव दिया.माल रोड पर घूम रहे पर्यटकों का कहना था कि बर्फ नहीं मिलने के बावजूद यहां की ताजी हवा और प्राकृतिक सुंदरता ने उनकी यात्रा को यादगार बना दिया।
खास है मसूरी की विंटर लाइन
दिल्ली से आई पर्यटक डॉ. नीरजा ने बताया कि वह चकराता घूमने आई थीं, लेकिन मसूरी की विंटर लाइन के बारे में सुनकर यहां भी रुक गईं. शाम के समय विंटर लाइन का अद्भुत नजारा और साफ आसमान देखकर वे काफी प्रभावित हुईं. वहीं दिल्ली के नितिन ने कहा कि राजधानी में लगातार प्रदूषण और कोहरे से परेशान होकर उन्होंने मसूरी का रुख किया. भले ही उन्हें बर्फबारी देखने को नहीं मिली, लेकिन स्वच्छ हवा और साफ मौसम ने उनका अनुभव बेहद अच्छा बना दिया. अन्य पर्यटकों ने भी कहा कि वे खासतौर पर स्नोफॉल देखने आए थे, लेकिन बर्फ न मिलने के बावजूद मसूरी की हरियाली, शांत माहौल और खूबसूरती ने उनका दिल जीत लिया.पहाड़ों की रानी मसूरी ने इस बार बिना बर्फ के ही सैलानियों को यादगार सर्दी का अनुभव दे दिया.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.