Last Updated:
Dehradun News: उत्तराखंड पर्यटन को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फरवरी 2026 में उत्तराखंड टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा. इसमें दुनिया भर के टूर ऑपरेटर्स, वेडिंग प्लानर्स और इवेंट प्लानर्स हिस्सा लेंगे. शीतकालीन पर्यटन, वेडिंग डेस्टिनेशन और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नवाचार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में रोड शो भी करेगी.
देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, हरे-भरे पर्वत और अनगिनत पर्यटन संभावनाओं के लिए जाना जाता है. पर्यटन के क्षेत्र में राज्य को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने और बड़े बिजनेस घरानों को निवेश के लिए आकर्षित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक अहम पहल शुरू की है. इसके तहत उत्तराखंड में इस साल फरवरी के तीसरे सप्ताह में उत्तराखंड टूरिज्म कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में दुनिया भर के इंटरनेशनल टूर ऑपरेटर्स, वेडिंग प्लानर्स, इवेंट और कंसर्ट प्लानर्स तथा साहसिक पर्यटन से जुड़े संस्थान अपने उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित कर सकेंगे.
सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, इस कॉन्क्लेव में यह भी देखा जाएगा कि राज्य में पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे शीतकालीन पर्यटन, वेडिंग डेस्टिनेशन और साहसिक पर्यटन को और बेहतर किस तरह बनाया जा सकता है. इसके प्रचार और प्रसार के लिए राज्य सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में रोड शो भी आयोजित करेगी. यह कदम उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अलग पहचान दिलाने की महायोजना का हिस्सा है.
उत्तराखंड पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में पहली बार बड़े पैमाने पर उत्तराखंड पर्यटन विभाग इस कॉन्क्लेव का आयोजन कर रहा है. इसमें देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स, वेडिंग प्लानर्स, इवेंट और कंसर्ट प्लानर्स शामिल होंगे. इस आयोजन का उद्देश्य राज्य में टूरिज्म, इको टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, शीतकालीन पर्यटन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना है. इसके लिए केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में रोड शो आयोजित किए जाएंगे, ताकि उत्तराखंड के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर अलग पहचान मिले और टूरिस्ट से लेकर निवेशक तक आकर्षित हो सकें.
फरवरी 2026 में आयोजित होने वाले इस टूरिज्म कॉन्क्लेव से उत्तराखंड की आर्थिकी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है. जब दुनिया भर के इवेंट प्लानर्स और टूर ऑपरेटर्स यहां की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं का अध्ययन करेंगे, तो निश्चित रूप से उत्तराखंड का पर्यटन ग्लोबल स्तर पर और मजबूत होगा. इस कॉन्क्लेव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने व्यापक रणनीति तैयार की है. इसकी शुरुआत 10 जनवरी 2026 से दिल्ली में आयोजित रोड शो से हो चुकी है. इसके बाद मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों में भी रोड शो किए जाएंगे, ताकि देश और विदेश के बड़े बिजनेस घरानों और ट्रैवल दिग्गजों को उत्तराखंड की संभावनाओं से रूबरू कराया जा सके.
यह कॉन्क्लेव केवल बड़े होटल समूहों के लिए नहीं है, बल्कि स्थानीय होमस्टे मालिकों, गाइड्स और छोटे पर्यटन उद्यमियों के लिए भी एक बड़ा मंच साबित होगा. राज्य में पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.