देहरादून. जब बात दोस्तों के साथ पार्टी की आती है तो आप ऐसा स्थान ढूंढते हैं जिससे आपकी एंजॉयमेंट पॉकेट फ्रेंडली हो. देहरादून अपनी हसीन वादियों और ठंडी जलवायु के लिए जाना जाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि यहाँ प्रकृति का आनंद लेने के लिए आपको हमेशा जेब ढीली करने की ज़रूरत नहीं है.
मालदेवता पिकनिक स्पॉट देहरादून के सबसे फेमस एंड फ्री पिकनिक स्पॉट्स में से एक है जो यंगस्टर्स की पहली पसंद है. सोंग नदी के किनारे स्थित यह जगह खुली वादियों और पहाड़ों से घिरी हुई है. यहाँ आप बिना किसी टिकट के नदी के किनारे अपना कैंप लगा सकते हैं या परिवार के साथ समय बिता सकते हैं. यह देहरादून के घंटाघर से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी पर है यहां जाने के लिए आप इलेक्ट्रिक बस ले सकते हैं जिसका टिकट 30 रुपए से 50 रुपए तक हो सकता है.

अगर आप पहाड़ों के बीच छोटे ट्रेक और झरने का आनंद लेना चाहते हैं, तो शिखर फॉल एक बेहतरीन विकल्प है. यहाँ मुख्य झरने तक पहुँचने के लिए कोई आधिकारिक टिकट नहीं लगता है. यह जगह प्रकृति प्रेमियों के लिए एकदम शांत और सुंदर है. इसकी खास बात यह है कि यह शहर से ज्यादा दूर नहीं है. आप अगर अपने दोस्तों के साथ ट्रैकिंग और झरने के पास बैठकर कुछ खाना चाहते हैं, तो यह बहुत अच्छी लोकेशन है. यहां जाने के लिए आप अपने वहां का तो इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके साथ ही आप यहां राजपुर वाली सिटी बस से जा सकते हैं जो आपको शहंशाही आश्रम पहुंचाएगी जहां से लगभग 5 किमी ट्रैक करते हुए आपको जाना होगा. यहां आश्रम के पास ही आप बेहतरीन लैमन टी का स्वाद ले सकते हैं जो यहां की मशहूर है.

लॉन्ग राइड और बाइकर्स के लिए यह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं है. अगर आप अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड करके एक अच्छे डेस्टिनेशन पर पहुंचाना चाहते हैं तो थानों रोड बेस्ट है जो ज्यादा भीड़भाड़ से परे है. देहरादून से थानों जाने वाली सड़क बहुत ही सुंदर है और घने जंगलों से होकर गुजरती है. यहाँ रास्ते में कई ऐसे पॉइंट हैं जहाँ आप नदी के किनारे रुक सकते हैं. यह पूरा क्षेत्र प्राकृतिक है और यहाँ जाने का कोई शुल्क नहीं है. यहां सोंग नदी के नजदीक आप खुद कुछ बनाकर खा सकते हैं, लेकिन ध्यान रहें कि आप वन्यजीवों का भी ध्यान रखें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पहाड़ों की रानी मसूरी बेहद सुंदर है लेकिन इससे सटे हुए क्षेत्र की सुंदरता भी कुछ कम नहीं है, ऐसा ही एक गांव है पुरकुल गाँव.<br />मसूरी जाने वाले रास्ते से थोड़ा हटकर स्थित पुरकुल गाँव का ऊपरी इलाका बहुत ही शांत है.यहाँ की ऊँचाइयों से आप पूरी दून घाटी का नजारा मुफ्त में देख सकते हैं.नए साल के सूर्योदय या सूर्यास्त के लिए यह एक बढ़िया जगह है. यहां के लोकल रेस्टोरेंट पर आप लजीज पकवानों का आनंद ले सकते हैं.आप अगर यहां जाना चाहते हैं तो आप परेड ग्राउंड से मिनी बस के जरिए यहां जा सकते हैं लेकिन रात के समय यहां ठहरने से बचे क्योंकि कभी कभार भूले – भटके वन्यजीव आ जाते हैं.

देहरादून मुख्य शहर से लगभग 15-20 किमी दूर बालावाला क्षेत्र के पास स्थित एक “ऑफबीट” या अनछुआ नेचुरल स्पॉट है.यहाँ का मुख्य आकर्षण जंगल के बीच बहने वाली नदी और प्राकृतिक रूप से बने पानी के कुंड हैं. यहाँ का पानी बेहद साफ और ठंडा होता है, जहाँ लोग तैराकी का आनंद लेते हैं. चूंकि यह एक अनछुआ प्राकृतिक क्षेत्र है, यहाँ आपको पक्के वॉशरूम, कपड़े बदलने के कमरे या व्यवस्थित फूड कोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएँ नहीं मिलेंगी. यहां पहुंचने के लिए भी आप परेड ग्राउंड से बस ले सकते हैं.

आपको अपनी जरूरत का सारा सामान जैसे खाना, पानी, डिस्पोजेबल बैग साथ लेकर जाना होगा और ध्यान रहे कि आप यहां पर्यावरण को स्वच्छ रखने की कोशिश करें. हालांकि इन जगहों पर कोई टिकट नहीं लगता है लेकिन नए साल के मौके पर यहाँ कई लोग आ सकते हैं.

वहीं अगर आप कम खर्च में देहरादून के मशहूर टूरिस्ट प्लेस जाना चाहते हैं तो आप गुच्छूपानी, एफआरआई और लच्छीवाला जैसे स्थानों पर आ सकते हैं जहां मामूली प्रवेश शुल्क लिया जाता है लेकिन यहां के एक्सपिरियंस बहुत खूबसूरत हो सकते हैं.