Dehradun News: देहरादून के रायपुर इलाके में तैनात एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर से साइबर ठगों ने खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताकर 1.5 लाख रुपये ठग लिए. अनजान कॉल पर ओटीपी साझा करने के बाद खाते से पैसे निकल गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पीड़ित महिला को 9 जनवरी को एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को चुनाव आयोग का अधिकारी बताते हुए कहा कि आगामी मतदाता पुनरीक्षण से पहले उनके काम की समीक्षा की जा रही है. उसने यह भी कहा कि उनके मोबाइल पर एक कोड आएगा, जिसे साझा करना जरूरी है. बात सरकारी काम से जुड़ी लगी, इसलिए महिला ने बिना किसी शक के वह कोड फोन पर बता दिया.
कोड साझा करते ही महिला के मोबाइल की सिम कार्ड बंद हो गई. शुरुआत में उन्हें लगा कि यह कोई तकनीकी समस्या होगी और कुछ समय में ठीक हो जाएगी. इसी भ्रम में उन्होंने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया. लेकिन कुछ दिन बाद जब वह अपने बैंक पहुंचीं और खाते की जानकारी ली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
बैंक से पता चला कि 15 से 17 जनवरी के बीच कई बार में उनके खाते से कुल 1.5 लाख रुपये निकाल लिए गए थे. तब जाकर महिला को समझ आया कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ठगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, ओटीपी या कोड को साझा न करें, चाहे कॉल करने वाला खुद को कितना ही बड़ा अधिकारी क्यों न बताए. थोड़ी सी सावधानी बड़ी ठगी से बचा सकती है.
About the Author

न्यूज18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा की पॉलिटिक्स और क्राइम खबरों में रुचि. वेब स्टोरी और AI आधारित कंटेंट में रूचि. राजनीति, क्राइम, मनोरंजन से जुड़ी खबरों को लिखने मे…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.