डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। राधा नगरी गांव में एक नाबालिग बेटे ने पैसे लौटाने को लेकर हुए विवाद में अपनी ही मां की लोहे की रॉड से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कामां थाना पुलिस के अनुसार नाबालिग आरोपी होटल में काम करता था और उसने लगभग 7 हजार रुपये कमाकर अपनी मां रुक्सीना के पास सुरक्षित रखने के लिए दे दिए थे। बाद में जब किशोर ने यह रकम वापस मांगी तो मां ने सुरक्षा के लिहाज से रुपये देने से मना कर दिया। इसी बात पर बेटा आपा खो बैठा और घर में रखी लोहे की रॉड उठाकर अपनी मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: नाथद्वारा मंदिर के पास बरामद हुआ भारी विस्फोटक, 10 किलोमीटर तक मचा सकता था तबाही
हमले के दौरान रुक्सीना गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। उसकी चीखें सुनकर परिवारजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कामां थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल रुक्सीना को कामां अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
महिला के पति द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर नाबालिग बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कामां थाना पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.