Darbhanga Crime News: जब रिश्ते टूटते हैं और गुस्से पर काबू नहीं रहता, तो इंसान इंसानियत भी खो देता है और सबसे बड़ा खामियाजा मासूमों को भुगतना पड़ता है. ऐसी ही एक घटना दरभंगा में हुई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.
बिस्कुट का बहाना, मौत की साजिश
मृतक बच्चे की पहचान राघव कुमार के रूप में हुई है जिसकी उम्र महज डेढ़ साल थी. पुलिस के अनुसार, 35 साल के आरोपी चंदन सहनी ने बच्चे को बिस्कुट खिलाने के बहाने घर से बाहर निकाला. घर से करीब 30 मीटर दूर पानी से भरे एक गड्ढे के पास ले जाकर उसने बच्चे को उसमें पटक दिया और फिर उसके ऊपर पैर रखकर खड़ा हो गया. मासूम के रोने की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पत्नी के अफेयर ने तोड़ा परिवार
दरभंगा पुलिस की जांच में सामने आया है कि चंदन सहनी हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करता था. वहीं उसकी शादी हुई थी. बताया जाता है कि उसकी पत्नी का पिछले डेढ़ साल से किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. करीब तीन महीने पहले पत्नी ने अपने प्रेमी से दूसरी शादी कर ली थी. पत्नी की मांग पर ही चंदन हिमाचल में रहने लगा था, लेकिन जब उसे पत्नी की बेवफाई का पता चला तो वह दोनों बच्चों को लेकर गांव लौट आया.
गुस्से में पिता बना हत्यारा
बताया जा रहा है कि पत्नी से अलगाव और सामाजिक अपमान की पीड़ा ने चंदन को मानसिक रूप से तोड़ दिया था. उसी गुस्से और कुंठा का शिकार उसका मासूम बेटा बन गया. उसकी एक आठ साल की बेटी भी है जो घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थी. अगर वह घर में होती तो अनहोनी और भी बड़ी हो सकती थी.
गांव में मातम, आरोपी गया जेल
घटना की सूचना मिलते ही भालपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.