दमोह जिले में आगामी होली और रमजान त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत आदतन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम जनता शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मना सके। पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि त्योहारों से पहले सभी आदतन अपराधियों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऐसे अपराधी जिनके पिछले पांच वर्षों में तीन से अधिक अपराध दर्ज हैं, खासकर चाकूबाजी और मारपीट के मामलों में नामजद रहे हैं, उन्हें थाने बुलाकर परेड कराई जाएगी। राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर इन अपराधियों के बाउंड ओवर भरवाए जाएंगे। पुलिस का लक्ष्य है कि रंग पंचमी तक यह कार्रवाई पूरी कर ली जाए। इसके अतिरिक्त, थानों में पंजीकृत बड़े गुंडे और बदमाशों को सार्वजनिक स्थानों पर जाने से रोकने के लिए भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। कुछ अपराधियों के लंबे रिकॉर्ड को देखते हुए उनकी जमानत निरस्ती के लिए भी न्यायालय में आवेदन लगाए जाएंगे। एसपी सोमवंशी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बेवजह किसी को रंग न लगाएं और त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.