जिले के जबेरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जलहरी गांव के समीप चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। छत्तीसगढ़ से दिल्ली की ओर जा रहे कबाड़ से भरे ट्रक से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोका और कंडक्टर के साथ चलते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया। घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पाइप लाइन व मोटर पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें: Indore: राहुल गांधी ने इंदौर में कहा- ये कैसा स्मार्ट सिटी माॅडल, जहां पानी पीने से मौतें हो रही हैं
आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक में भरे पूरे कबाड़ को सड़क किनारे फेंक दिया गया, जिससे आग फैलने से रोकी जा सकी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसे हालात बने लेकिन पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से यातायात सुचारू रखा गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.