आरोपी ने युवती से भावनात्मक रिश्ता बनाया, युवती ने भी अपना धर्म का भाई मान लिया
फेसबुक पर बेसहारा पशु-पक्षियों के प्रति करुणा और सेवा से जुड़े वीडियो पोस्ट करती है युवती
फोटो 18
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। फर्जी कस्टम अधिकारी और विदेश में रहने वाले भाई का नाटक रचकर एक युवती से 12.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को साइबर थाना पुलिस ने पटना बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राहुल पटना के न्यू बाईपास, नंदलाल छपरा, संपत चक का रहने वाला है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि गांव सिकंदपुर थेहड़ की रहने वाली पीड़ित युवती ने 2 जनवरी 2026 को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया कि वह फेसबुक पर बेसहारा पशु-पक्षियों के प्रति करुणा और सेवा से जुड़े वीडियो पोस्ट करती थी। अक्तूबर 2025 में एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी पोस्ट पर मैसेज कर प्रशंसा की और खुद को सेवा कार्यों में रुचि रखने वाला बताया। अगले दिन उसने खुद को छिंदा नाम से परिचित कराया और दावा किया कि वह विदेश में रहता है। भारत लौटकर उसके सेवा कार्यों के लिए आर्थिक मदद करेगा।
एसपी ने बताया कि व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू होने के बाद आरोपी ने युवती से भावनात्मक रिश्ता बनाया। युवती ने भी उसे अपना धर्म का भाई मान लिया। कुछ समय बाद युवती को फोन आया कि छिंदा दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गया है, लेकिन कस्टम अधिकारियों ने महंगे कपड़े और गिफ्ट्स के बिल न होने के कारण उसे हिरासत में ले लिया है। फिर एक अन्य नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को दिल्ली का वकील बताया और कहा कि कानूनी प्रक्रिया के लिए पैसे देने होंगे।
मदद मांगने पर युवती हो गई भावुक
छिंदा से व्हाट्सएप कॉल पर रोते हुए मदद मांगने के बाद युवती भावुक हो गई। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। युवती को जब तक ठगी का पता चला, तब तक 12 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए गए थे।
आरोपी को अदालत ने भेजा जेल
पुलिस ने युवती के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच में मिली अहम जानकारी पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को पटना में छापा मारकर आरोपी राहुल को दबोच लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसपी ने की लोगों से अपील
एसपी ने बताया कि यह ठगी का एक सुनियोजित नेटवर्क था, जिसमें भावनाओं का शोषण कर पैसे ऐंठे जाते थे। एसपी ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन किसी अज्ञात व्यक्ति पर भरोसा न करें, खासकर पैसे मांगने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.