अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा फरवरी से यमुना में क्रूज चलेगा। मंत्री ने सोमवार को मुंबई में निर्माणाधीन यमुना क्रूज का निरीक्षण किया।
मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे 20 जनवरी को नवी मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। यह करीब पांच दिनों में दिल्ली पहुंच जाएगा। यहां इसमें इंजन लगाया जाएगा। फरवरी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा क्रूज का औपचारिक शुभारंभ कर दिल्ली की जनता को समर्पित किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि यमुना नदी में वजीराबाद से सोनिया विहार के बीच अपस्ट्रीम दिशा में क्रूज संचालित होगा। एक घंटे की राउंड ट्रिप में एक बार में करीब 40 यात्री सफर कर सकेंगे। क्रूज में यात्रियों के लिए भोजन, संगीत और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शुरुआत में व्यक्तिगत और समूह दोनों तरह के पैकेज शुरू किए जाएंगे, जिन्हें किफायती रखा जाएगा। कपिल मिश्रा ने बताया कि क्रूज संचालन स्थल पर वाटर स्पोर्ट्स हब और मनोरंजन गतिविधियों के लिए एक विशेष जोन विकसित किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.