बिना सत्यापन और अवैध दस्तावेज के स्पा सेंटर में काम कर रही थीं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिस्मफरोशी व अवैध गतिविधियों की शिकायत पर नरवाल स्थित एक स्पा सेंटर पर मंगलवार को पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान थाइलैंड की दो युवतियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों बिना जरूरी दस्तावेज और पुलिस सत्यापन के स्पा सेंटर में काम कर रही थीं।
अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शाइन स्पा सेंटर में कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेज के रह रहे हैं और वहां संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस पोस्ट नरवाल की टीम ने दबिश दी। स्पा सेंटर की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान सेंटर में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने रजिस्टर व अन्य दस्तावेज की जांच की। सीसीटीवी से जुड़े डीवीआर और कुछ आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। कुछ लोग आपत्तिजनक हालात में मिले। दो विदेशी युवतियाें को गिरफ्तार किया है और दोनों रिमांड पर हैं। स्पा सेंटर के मालिक सहित कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई। इस मामले में त्रिकुटा नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर इमिग्रेशन एक्ट और फॉरेनर्स एक्ट की धाराओं 21 व 24 के तहत दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
—-
बीते साल दिसंबर में भी स्पा सेंटर
से विदेशी युवती पकड़ी गई थी
इससे पहले बीते साल दिसंबर में छन्नी हिम्मत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक स्पा सेंटर से भी विदेशी युवती को गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई थी। शहर में स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां अब आम हैं। स्पा संचालक विदेशी लड़कियों को सेंटर में काम पर रखते हैं। इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.