सोनीप जिले के दुभेटा गांव की होनहार खिलाड़ी क्रिकेटर अदिति श्योराण को इस साल जाट सभा की ओर से प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार के लिए चुना गया। पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जाट सभा भवन में आयोजित सर छोटू राम की 145वीं जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अदिति को सम्मानित किया गया। समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह चौधरी के अलावा जाट सभा के चेयरमैन और हरियाणा के पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह की मौजूदगी में अदिति श्योराण को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
युवा क्रिकेटर को जाट सभा की ओर से कैश अवॉर्ड भी दिया गया। अदिति चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा है। अदिति यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) चंडीगढ़ की ओर से बीसीसीआई चैंपियनशिप में अंडर-15 और अंडर-19 महिला टीम में खेल चुकी है। अदिति सेक्टर-16 स्थित चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी में क्रिकेट की बारीकियां सीख रही है।
काफी कम उम्र में अदिति ने स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है । 12 साल से भी कम उम्र में क्रिकेट खेलने वाली अदिति को उनकी प्रतिभा और खेल कौशल के लिए कई खेल पुरस्कार भी मिले हैं। साल 2025 में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर स्टेट अवॉर्ड के अलावा उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से भी स्पोर्ट्स एक्सीलेंसी अवॉर्ड से 26 जनवरी 2025 को सम्मानित किया जा चुका है।
जाट सभा की ओर से सम्मानित किये जाने पर अदिति ने कहा कि किसी भी स्तर पर खिलाड़ी को प्रोत्साहन देना उसे आगे बढ़ने में मदद करता है। अदिति ने कहा कि खेल हो, पढ़ाई हो या जीवन का कोई भी क्षेत्र प्रतिभा से अधिक अनुशासन और कड़े अभ्यास से कोई भी मंजिल पाई जा सकती है। हाल ही में अदिति श्योराण को हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी(एमडीयू) की ओर से स्कूल स्तर की खिलाड़ी को पहली बार यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। स्कूल प्रिंसिपल सिस्टर शांता और कोच संजीव पठानिया ने अदिति को सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.