सोलर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के बिलों में गड़बड़ी, अब जारी होंगे संशोधित बिल
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। कंपनी ने इस माह करीब 2000 उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल जारी कर दिए। सीपीडीएल के अनुसार यह गड़बड़ी मुख्य रूप से सोलर कनेक्शन वाले कुछ उपभोक्ताओं के बिलों में तकनीकी कारणों से हुई है।
गलती का पता चलते ही सीपीडीएल ने संबंधित सभी बिलों को वापस लेने और उन्हें संशोधित कर दोबारा जारी करने का फैसला लिया है। कंपनी का कहना है कि प्रभावित उपभोक्ताओं को जल्द ही सही और अपडेटेड बिल उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
सीपीडीएल ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही गलत बिल का भुगतान कर दिया है, उनकी राशि को अगले बिल में समायोजित कर दिया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं होगा। कंपनी अधिकारियों ने इसे मामूली तकनीकी त्रुटि बताते हुए दावा किया कि समय रहते इसे सुधार लिया गया है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संशोधित बिल सीपीडीएल की आधिकारिक वेबसाइट और ई-संपर्क भुगतान पोर्टल पर ऑनलाइन भी अपलोड कर दिए गए हैं। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल संशोधित बिल के आधार पर ही भुगतान करें। किसी भी तरह की शंका या समस्या होने पर ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.