उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में बुधवार दोपहर एक दंपती की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पति का शव गली में पड़ा मिला जबकि पत्नी अपने कमरे में मृत मिली। मृतकों की शिनाख्त मुकेश सिंह (32) और इनकी पत्नी सविता (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर जांच शुरू कर दी है।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि दंपती के बीच दोपहर के समय किसी बात पर विवाद हुआ। जिसके बाद पहले पति पहली मंजिल से नीचे कूद गया जबकि पत्नी ने कमरा बंदकर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को मृतका के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। उसके कमरे का दरवाजा भी सेंट्रल लॉक मिला है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और हादसे समेत सभी दृष्टिकोणों से मामले की जांच कर रही है। हर्ष विहार थाना पुलिस मुकेश के परिजनों से पूछताछ जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक मुकेश सिंह अपने परिवार के साथ गली नंबर-8, हर्ष विहार में पहली मंजिल पर रहते थे। इनके परिवार में पिता राजपाल, मां, भाइयों के अलावा पत्नी सविता व 5 और 7 साल के दो बेटे हैं। मुकेश पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। भूतल पर मुकेश के माता-पिता व दूसरी और तीसरी मंजिल पर भाई रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब 3.30 बजे अचानक उनके पहली मंजिल से नीचे गिरने की आवाज आई।
परिजनों ने बाहर निकलकर देखा तो मुकेश गली में अचेत पड़ा हुआ था। फौरन उसको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच पता चला कि मुकेश की पत्नी भी पहली मंजिल स्थित अपने कमरे में बिस्तर पर अचेत पड़ी है। उसके कमरे का दरवाजा सेंट्रल लॉक है।
खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर उसको वहीं से बाहर निकाला गया। बाद में जीटीबी अस्पताल ले जाने पर उसको भी मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच में सविता के जहरीला पदार्थ खाने का पता चला। वारदात के समय दंपती अपनी फ्लोर पर अकेले थे। इनके बच्चे ट्यूशन के लिए गए थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दंपती के बीच विवाद हुआ।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि पहले मुकेश पहली मंजिल से नीचे कूद गया और सविता ने कमरे को सेंट्रल लॉक कर जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एफएसएल ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। बृहस्पतिवार को शवों पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, उसके बाद ही मौत की वजहों का पता चल पाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.