अरावली मुद्दे पर दौसा में कांग्रेस ने पैदल मार्च और विरोध प्रदर्शन किया।
अरावली बचाओ आंदोलन को लेकर शनिवार को दौसा में कांग्रेस ने पैदल मार्च किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेहरू गार्डन में जिले भर के कांग्रेसी जुटे, जहां से नारेबाजी करते हुए गांधी तिराहे के लिए रवाना हुए।
सांसद मुरारीलाल मीणा, जिलाध्यक्ष रामजीलाल, विधायक दीनदयाल बैरवा, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा, पूर्व विधायक जीआर खटाना और ओमप्रकाश हुड़ला के नेतृत्व में कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए करीब 500 मीटर चले। गांधी तिराहे पर अरावली बचाओ-भाजपा हटाओ के नारे लगाए।
पहले देखें पैदल मार्च की फोटो…
लालसोट रोड पर पैदल मार्च में शामिल कांग्रेसी

गांधी तिराहे पर विरोध प्रदर्शन
खतरे में पड़ जाएगा अरावली का अस्तित्व- सांसद
सांसद ने कहा कि अरावली को लेकर सरकार द्वारा गलत तथ्य पेश करने और गलत मंशा के कारण सुप्रीम कोर्ट का ऐसा फैसला आया है। 4 राज्यों में फैली अरावली की पहाड़ियां लोगों की लाइफ लाइन हैं, ऐसे में यदि कोर्ट का फैसला लागू हो जाता है तो 100 मीटर से कम ऊंचाई की पहाड़ियों में खनन की अनुमति दे दी जाएगी और अरावली का अस्तित्व पूरी तरह खतरे में पड़ जाएगा।
मनरेगा में की सबसे बड़ी गड़बड़ी
सांसद ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे नेता सबके उस्ताद हैं। वे लोग सोची समझी राजनीति के तहत किसान, मजदूर, एससी, एसटी और ओबीसी को कमजोर करने के लिए नए-नए फैसले कर रहे हैं कि कमजोर तबके के लोग ऐसे ही बने रहें और पूरे देश की संपत्ति गिने-चुने सेठों के हाथ में चली जाए। विशेष तौर पर गुजरातियों के हाथ में चली जाए। उसी के तहत मनरेगा योजना को कमजोर किया गया है। जिसमें सबसे बड़ी गड़बड़ी आजीविका मिशन को जोड़कर की गई है, उसका मुख्य उद्देश्य यह है कि राजस्थान में आने वाले चुनाव में बिहार की तर्ज पर महिलाओं को 10-10 हजार रुपए देंगे।

दौसा विधायक डीसी बैरवा ने महात्मा गांधी मूर्ति की सफाई की
सुप्रीम कोर्ट में जनहित का पक्ष रखे सरकार-बैरवा
विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के प्रति भाजपा सरकार की भावना ठीक नहीं है। इनकी भावना केवल बड़े सेठों के पक्ष में है और सोची-समझी नीति के तहत ऐसा फैसला करवाया गया है। इसके लागू होने से पूरी पहाड़ियां नष्ट हो जाएंगे और विशेष तौर पर राजस्थान को काफी नुकसान होगा। हमारी मांग है कि अरावली मुद्दे पर सरकार को फिर से सुप्रीम कोर्ट में जनहित का पक्ष रखना चाहिए।
इन्होंने भी सम्बोधित किया
पूर्व मंत्री परसादी लाल ने कहा- अरावली पर्वतमाला चार राज्यों के लोगों की लाइफ लाइन है इसका संरक्षण बेहद जरूरी है। दौसा विधायक ने महात्मा गांधी की मूर्ति पर जमी मिट्टी को हटाकर सफाई की।
इस दौरान शहर अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज गुर्जर, राकेश चौधरी, नरेंद्र जैमन, युवा प्रदेश महासचिव करतार माल, प्रकाश मूंडियाखेड़ा, सिकंदरा प्रधान सुल्तान बैरवा, सतीश सोमाडा, उमाशंकर बनियाना समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.