बीजापुर में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने जिले के नैमेड धान खरीदी केंद्र में धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि धान उपार्जन केंद्रों में प्रतिदिन 5000 क्विंटल धान खरीदा जाए। किसानों को समय पर टोकन जारी नहीं किया जा रहा, जिससे वे काफी परेशान हैं। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में बारदान (बोरों) की कमी है, जिसके कारण किसान अपना धान नहीं बेच पा रहे हैं।
इसके अलावा, किसानों के धान बेचने के लिए निर्धारित रकबे को कम कर दिया गया है। वन भूमि पट्टाधारियों से धान खरीदी नहीं की जा रही, जिससे किसान परेशान हैं। उपार्जन केंद्रों में किसानों से सोसाइटी के बारदाने में अपना धान भरवाया जा रहा है या फिर प्रति कट्टा तीन रुपये या प्रति क्विंटल 7.50 रुपये हमाली शुल्क नकद देने के लिए मजबूर किया जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर धान खरीदी नहीं करने की धमकी दी जा रही है। इन सभी कारणों से क्षेत्र के किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसानों से धान खरीदी नहीं करने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने इन समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और किसानों को राहत देने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष लालू राठौर, नीना रावतिया, सोमारू कश्यप, लच्छू राम मीडियामी, शंकर जुंडमारे, सुखदेव नाग, बबलू खत्री, सोनू पोटाम, दिनेश पुजारी, नकुल सिंह, मनधर नाग, संजना चौहान, प्रवीण डोंगरे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.