मध्यप्रदेश के नीमच शहर के यादव मंडी क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल ठगी की वारदात ने सनसनी फैला दी है। तंत्र-मंत्र और वशीकरण का भय दिखाकर एक शातिर महिला ने कांग्रेस नेता गजेंद्र यादव के घर से लाखों रुपये के सोना-चांदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे चौंकाने वाला खुलासा घर और आसपास के CCTV फुटेज से हुआ, जिसमें कथित बुजुर्ग महिला तेज और फुर्तीले कदमों से जाती दिखी, जिससे उसके जवान होने की आशंका गहरा गई है।
ये भी पढ़ें- साइबर ठगी का मामला उजागर, रिटायर्ड टीआई को 14.43 लाख रुपये की लगाई चपत; इन बातों का रखें ध्यान
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला बुजुर्ग का भेष बनाकर कमर झुकाकर घर पहुंची और गृहिणी सुगना यादव को विश्वास में लिया। उसने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि उनके पति और बेटे पर मौत का साया है और वशीकरण से ही संकट टल सकता है। डर और दहशत के माहौल में सुगना यादव महिला की बातों में उलझती चली गईं। महिला ने पहले दोनों हाथों की अंगूठियां उतरवाईं, फिर पेटी से अन्य जेवर निकालने को कहा। वशीकरण की प्रक्रिया का झांसा देकर उसने करीब सात तोला सोना और डेढ़ सौ ग्राम चांदी निकलवा ली और “अभी लौटकर आती हूं” कहकर फरार हो गई। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके सहित करीब 10 लाख रुपये के जेवर बताए जा रहे हैं।
घटना 9 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, वहीं पीड़िता सदमे में होने के कारण किसी से बातचीत नहीं कर पा रही हैं। परिवार का कहना है कि शुरुआती दिनों में पुलिस ने जांच के मद्देनजर मामले को सार्वजनिक नहीं करने की सलाह दी थी।
ये भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट गैंग का भंडाफोड़: शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 आरोपी गिरफ्तार, 1.07 करोड़ का माल जब्त
मामले में नया मोड़ तब आया जब CCTV फुटेज सामने आया। फुटेज में वही महिला, जो लोगों के सामने झुकी कमर और धीमी चाल से चल रही थी, घर से निकलने के बाद सीधे और तेज कदमों से जाती नजर आई। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि बुजुर्ग का भेष केवल ठगी की साजिश का हिस्सा था। बताया जा रहा है कि संदिग्ध महिला पहले चौराहों पर महिलाओं के बीच बैठकर वशीकरण और तांत्रिक क्रियाओं की बातें कर और छोटी रकम ऐंठती हुई नजर आई, जिसके बाद उसने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
इस पूरे मामले में सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने कहा कि मामले में पुलिस अज्ञात महिला की तलाश में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.