सेक्टर-16 में सराफा कारीगर से डेढ़ किलो सोना और 15 लाख रुपये की लूट की वारदात के बाद सराफा कारोबारियों और पीड़ित परिवार के लोगों ने विधायक जगमोहन आनंद और एसपी नरेंद्र बिजारनिया से मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं विधायक और एसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जल्दी लूट की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। इसके अलावा एसपी ने उचित सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
कर्ण गेट बिजनेस एसोसिएशन के प्रधान संकल्प भंडारी के नेतृत्व में सराफा व्यापारियों पुनीत बजाज, रजनीश सिंगला, शिवम गोयल ने कहा कि एसपी साहब हमारी सुरक्षा बढ़ा दो, उन्हें डर है कभी फिर दोबारा किसी दूसरे सराफा कारोबारी के साथ ऐसी वारदात न हो जाए। व्यापारियों ने कहा कि पहले कभी इतनी बड़ी लूट की वारदात नहीं हुई थी। इसके आलावा व्यापारियों ने कहा कि अब तो उन्हें अपनी दुकान से घर जाने में भी डर लगने लगा है।
क्योंकि कारोबार ऐसा है कि साथ ही नगदी और सोना लेकर जाना पड़ता है। ऐसे में वारदात का डर सताता है। सराफा कोरोबारी पुनीत बजाज, रजनीश सिंगला और वारदात का शिकार हुए बबन माने ने एसपी नरेंद्र बिजारनिया से गुहार लगाई की सराफा बाजार में लगातार पुलिस की तैनाती की जाए, क्योंकि अक्सर वहां एक दुकान से दूसरी दुकान पर सोना व अन्य आभूषण लेकर जाने का काम रहता है।
वहीं, एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीसीटीवी की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो जाएगी। वहीं क्षेत्र में पुलिस की ओर ज्यादा गश्त बढ़ाई जाएगी। ताकि व्यापारी और आमजन सुरक्षित हो सकें। व्यापारियों को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.