चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में कोर्ट के आदेश से खाली करवाए गए एक नोहरे पर दोबारा अतिक्रमण के प्रयास और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस को वार्ड 28 निवासी भरत कुमार कोठारी (45) ने रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि लोहिया कॉलेज के पास स्थित उनके नोहरे को चूरू सीजेएम कोर्ट के आदेश पर किरायेदार कृष्ण कुमार और सबटेनर महावीर प्रसाद से खाली करवाया गया था। इसके बाद नोहरा उन्हें और उनके भाई राजकुमार को सुपुर्द किया गया था। परिवादी भरत कुमार के अनुसार नोहरा सुपुर्द होने के बाद महावीर प्रसाद और उसके साथियों ने मुख्य गेट पर थाप-मुक्कों और लाठियों से मारपीट की। आरोप है कि महावीर प्रसाद एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आया और नोहरे के अंदर-बाहर सामग्री खाली कर अतिक्रमण करने का प्रयास किया। जब इसका विरोध किया गया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने भरत कुमार कोठारी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.