चित्तौड़गढ़ में आगामी 15 मार्च को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जौहर मेला और श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने के लिए आएंगे। इस प्रोग्राम में वे मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और शहर के ईनाणी सिटी सेंटर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी आदित्यनाथ चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर स्थित जौहर स्थली पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन के साथ-साथ जौहर स्मृति संस्थान के पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस आयोजन की विधायक चंद्रभान सिंह आक्या द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। इस बार जौहर मेले का समापन भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के साथ ही होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह लखनऊ से रवाना होंगे योगी मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 मार्च को सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होंगे। इसके बाद वे सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर झीलों की नगरी उदयपुर पहुंचेंगे। उदयपुर पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से चित्तौड़गढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे और सुबह लगभग 11 बजकर 20 मिनट पर चित्तौड़गढ़ पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर लैंड करेंगे। यहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे चित्तौड़गढ़ फोर्ट जाएंगे, जहां वे विजय स्तंभ के पास स्थित जौहर स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वे मेवाड़ की वीरांगनाओं और शूरवीरों के बलिदान को नमन करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री दुर्ग परिसर में स्थित प्रसिद्ध कालिका माता टेंपल में पूजा-अर्चना भी करेंगे। ईनाणी सिटी सेंटर में विशाल सभा को संबोधित करेंगे दुर्ग पर धार्मिक प्रोग्राम्स के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर शहर के ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेंगे, जहां जौहर श्रद्धांजलि समारोह का मुख्य आयोजन होगा। यहां वे मुख्य अतिथि के रूप में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस समारोह में बड़ी संख्या में राजपूत समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और आमजन शामिल होंगे। आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है और मंच की विशेष सजावट की जा रही है। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 1 बजकर 55 मिनट पर हेलीकॉप्टर से जालौर के लिए प्रस्थान करेंगे। तीन दिवसीय जौहर मेले में होंगे विभिन्न सांस्कृतिक और खेल आयोजन चित्तौड़गढ़ में 13 से 15 मार्च तक जौहर मेला आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कई पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेले की शुरुआत 13 मार्च को सुबह 10 बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम में महाराणा सांगा स्मृति पारंपरिक ग्रामीण और जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन से होगी। इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स के अंतर्गत विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, साथ ही गोला फेंक, भाला फेंक और तश्तरी फेंक जैसी प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसी दिन रात 8 बजे सुभाष चौक पर भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें कई प्रसिद्ध कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 14 मार्च को घुड़चाल, घुड़सवारी, रस्सा-कस्सी और अन्य पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और इन प्रतियोगिताओं का समापन भी इसी दिन किया जाएगा। रात 8 बजे जौहर भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा और रात में मातृशक्ति द्वारा जौहर ज्योति मंदिर पर रात्रि जागरण किया जाएगा। 15 मार्च को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण 15 मार्च को सुबह 7 बजे जौहर ज्योति मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे श्री भूपाल राजपूत छात्रावास से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई ईनाणी सिटी सेंटर पहुंचेगी। यह शोभायात्रा कलेक्ट्रेट चौराहा, पुरानी पुलिया, सुभाष चौक, मिठाई बाजार, पाडनपोल और ओछड़ी दरवाजा होते हुए चंद्रलोक टॉकीज मार्ग से गुजरेगी। शोभायात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट, नगाड़ा निशान और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके साथ ही महावीर बैंड और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर के सहयोग से लाल अंगी गैर नृत्य, चंग नृत्य और कच्छी घोड़ी नृत्य जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जो शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा महावीर व्यायामशाला के कलाकारों द्वारा अखाड़ा प्रदर्शन भी किया जाएगा। कई प्रमुख अतिथि होंगे कार्यक्रम में शामिल जौहर श्रद्धांजलि समारोह में कई प्रमुख अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सहकारिता मंत्री गौतम दक, पंजाब के पूर्व राज्यपाल वी पी सिंह बदनोर, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद्र कृपलानी, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर और बेगूं विधायक सुरेश चंद्र धाकड़ सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह सिंह मेवाड़ भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.