मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को जे.पी. गंगा पथ पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के किनारे कराए जा रहे लैंडस्केपिंग, पौधारोपण और पार्क विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के समय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। विकसित किए जा रहे पार्क को सीएम नीतीश ने देखा और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों को जरूरी निर्देश देते सीएम नीतीश कुमार।
जल्द काम पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित होने के कारण पार्क के विकास में लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि पार्क बनने से इस क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और लोग अपने परिवार के साथ यहां समय बिता सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण से यह इलाका और अधिक सुंदर और हरा-भरा दिखाई देगा।

सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लेते सीएम नीतीश कुमार।
भविष्य में बनेगा आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आने वाले समय में जे.पी. गंगा पथ लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने जे.पी. गंगापथ परियोजना को एक अद्भुत और महत्वपूर्ण परियोजना बताया और कहा कि इसका सौंदर्यीकरण बेहतर ढंग से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह परियोजना न सिर्फ शहर की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि लोगों को घूमने और सुकून के पल बिताने का अवसर भी देगी।

सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही के लिए विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही पर विशेष निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जे.पी. गंगा पथ पर लोगों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.