छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगों से सावधान रहने की चेतावनी दी है। कंपनी ने कहा है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या किसी भी तरह के बिजली बिल पंजीयन और भुगतान के लिए किसी अनजान व्हाट्सएप, ईमेल या SMS लिंक पर क्लिक न करें। ऐसी लिंक या APK फाइल कभी भी भरोसेमंद नहीं होती। कंपनी ने बताया कि “मोर बिजली” मोबाइल ऐप ही आधिकारिक है और इसे केवल Play Store या App Store से डाउनलोड करें। कोई भी दूसरी साइट या लिंक भरोसेमंद नहीं है। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी के एमडी भीम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कंपनी मैदान में शिविर लगाएगी। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि अपना बिल या पंजीयन का पैसा सिर्फ मोर बिजली ऐप, कंपनी की वेबसाइट, ATP सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय से ही जमा करें। किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान बिल्कुल न करें।पंजीयन राशि की सुविधा भी केवल यही माध्यमों से ही उपलब्ध है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि बिल भुगतान या अन्य सूचनाएं केवल CSPDCL-S सेंडर ID से ही भेजी जाती हैं। कोई अन्य स्रोत भरोसेमंद नहीं है। यदि उपभोक्ताओं को योजना, भुगतान या किसी भी विद्युत सेवा से संबंधित जानकारी चाहिए, तो वे केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर सकते हैं या नजदीकी CSPDCL कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कंपनी ने सभी से अपील की है कि धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें, केवल भरोसेमंद माध्यम से ही भुगतान करें और किसी भी अनजान लिंक या संदेश पर विश्वास न करें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.